
Weird Wedding Ritual: हमारे देश में शादी से जुड़ी कई रस्में होती हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया के कई देशों में शादी को लेकर कुछ बहुत ही अनोखे और अजीब रिवाज माने जाते हैं? कहीं दूल्हा-दुल्हन को हंसी-मजाक के नाम पर परेशान किया जाता है, तो कहीं उन्हें शादी से पहले मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार किया जाता है। आइए जानें कुछ ऐसे ही मजेदार रिवाजों के बारे में:
स्कॉटलैंड – गंदगी वाली रस्म
यहां शादी से पहले एक अजीब रस्म निभाई जाती है, जिसे ‘ब्लैकिंग ऑफ द ब्राइड एंड ग्रूम’ कहते हैं। इसमें दूल्हा और दुल्हन पर कूड़ा-कचरा, सड़ी चीजें और गंदगी फेंकी जाती है। इसका मकसद यह होता है कि वो शादी के बाद आने वाली मुश्किलों के लिए पहले से तैयार हो जाएं। यह सब मजाक और मस्ती के साथ किया जाता है।
चीन – रोने की रस्म
चीन के सिचुआन प्रांत में लड़कियों को शादी से एक महीना पहले हर दिन एक घंटे रोना होता है। कुछ दिन बाद उसकी मां, दादी और बाकी महिलाएं भी साथ रोने लगती हैं। इसे ‘रोने की रस्म’ कहा जाता है और यह वहां एक शुभ और भावुक परंपरा मानी जाती है।
फ्रांस – शोर करने की परंपरा
फ्रांस में एक अनोखी रस्म है जिसे ‘चारीवारी’ कहते हैं। शादी की रात, दूल्हा-दुल्हन के दोस्त और रिश्तेदार उनके घर के बाहर जोर-जोर से शोर मचाते हैं, बर्तन पीटते हैं। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन को बाहर आकर सबको नाश्ता और ड्रिंक्स देना होता है। यह परंपरा शादी की खुशी को हंसी-मजाक के साथ मनाने का तरीका है।
फिजी – व्हेल के दांत का तोहफा
फिजी में अगर कोई लड़का किसी लड़की से शादी करना चाहता है, तो उसे लड़की के परिवार को व्हेल का दांत गिफ्ट करना होता है। यह वहां प्यार, इज्जत और समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
वेल्स – लव स्पून गिफ्ट करने की परंपरा
वेल्स में दूल्हा अपनी दुल्हन को लकड़ी से बना हुआ ‘लव स्पून’ तोहफे में देता है। यह एक वादा होता है कि वह हमेशा उसकी देखभाल करेगा और कभी उसे भूखा नहीं सोने देगा।